ख़बरिस्तान नेटवर्क : अप्रैल का महीना शुरू हो गया है और आज से देश में कई बड़े बदलाव भी हो रहे हैं। तेल कंपनियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर 218 रुपए महंगा कर दिया है। तो वहीं अब फास्टैग के सलाना पास के लिए भी अधिक रुपए कटेंगे। तो आईए जानते हैं देश में आज क्या-क्या बदल रहा है।
सिलेंडर 218 रुपए महंगा
तेल कंपनियों ने कमर्शियल सिलेंडर 218 रुपए महंगा कर दिया है। जिस वजह से अब बाहर खाना महंगा हो जाएगा। क्योंकि सिलेंडर के रेट बढ़ने से रेस्टोरेंट और होटल वाले फूड महंगा कर देंगे। वहीं शादियों में कैटरिंग भी महंगी हो जाएगी।
8 घंटे पहले टिकट कैंसिल पर ही मिलेगा रिफंड
रेलवे ने अपने नियमों में बदलाव किया है। अब 8 घंटे पहले टिकट कैंसिल कराने पर ही रिफंड मिलेगा। पहले यह समय 4 घंटे था। समय पर टिकट कैंसिल नहीं कर पाने पर पैसों का नुकसान होगा। रिफंड के नियमों को सख्त करने से आम यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी।
सलाना फास्टैग भी हुआ महंगा
वहीं अगर अब आप सलाना फास्टैग रिन्यू करवा रहे हैं तो आपको ज्यादा पैसे चुकाने होंगे। क्योंकि NHAI ने सलाना पास की कीमतों में 2.5 फीसदी की बढ़ोतरी की है। जहां पहले आपको 3 हजार रुपए चुकाने पड़ते थे तो वहीं अब इसकी जगह 3075 रुपए देने होंगे।
टोल प्लाजा पर कैश नहीं चलेगा
आज से पूरे देश में किसी भी टोल प्लाजा पर कैश ट्रांजेक्शन नहीं होगी। टोल टैक्स सिर्फ फास्टैग और UPI पेमेंट के जरिए ही होगा। अगर आपके पास फास्टैग नहीं है या उसमें बैलेंस कम है, तो यूपीआई से ही टोल का ऑप्शन बचेगा। कैश का विकल्प नहीं होने से परेशानी में पड़ सकते हैं।
गाड़ियां भी हो गई महंगी
अगर आप गाड़ी लेने की सोच रहे हैं तो आपको झटका लगने वाला है। क्योंकि आज से सभी गाड़ियां 2 से 3 फीसदी तक महंगी हो गई है। शोरूम प्राइस के साथ-साथ रजिस्ट्रेशन चार्जेस भी बढ़े हुए दामों पर लगेंगे।
ATM से सिर्फ 25 हजार निकाल सकते हैं
पंजाब नेशनल बैंक ने डेबिट कार्ड से आप एक दिन में सिर्फ अधिकतम 25 हजार रुपए ही निकाल सकते हैं। वहीं जिन लोगों के पास प्लेटिनम कार्ड होगा वे लोग 50 हजार रुपए निकाल सकते हैं। यह फैसला फ्रॉड को रोकने के लिए लिया है।
पैन कार्ड अपडेट
पैन कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड को जन्मतिथि के ‘वैध दस्तावेज’ की लिस्ट से हटा दिया गया है। अब आधार को एड्रेस प्रूफ के तौर पर ही लिया जाएगा। यदि आप नया पैन कार्ड या पुराने कार्ड में जन्मतिथि बदलना चाहते हैं, तो अब आधार के साथ अन्य दस्तावेज देने होंगे। इसमें जन्म प्रमाण पत्र और 10वीं की मार्कशीट शामिल हैं।