दिल्ली में सोमवार सुबह स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। राजधानी के अलग-अलग इलाकों में स्थित नौ स्कूलों को धमकी भरे कॉल और ईमेल मिले, जिसके बाद दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम डिस्पोजल स्क्वॉड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया।
9 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी
धमकी मिलने वाले स्कूलों में लॉरेटो कॉन्वेंट स्कूल (दिल्ली कैंट), केम्ब्रिज स्कूल (श्री निवासपुरी और NFC), वेदव्यास/वेदांत/वेंकटेश्वर स्कूल (रोहिणी), द इंडियन स्कूल (सादिक नगर), सीएम श्री स्कूल (रोहिणी), डीटीए स्कूल (INA), बाल भारती स्कूल (रोहिणी), एयर फोर्स स्कूल (लोधी रोड व सुब्रतो पार्क), केआर मंगलम स्कूल शामिल हैं। सभी स्कूलों में एहतियातन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और अभिभावकों को सूचना दे दी गई।
धमकी भरे संदेशों में भड़काऊ बातें लिखी
पुलिस के मुताबिक, धमकी भरे संदेशों में भड़काऊ और संदिग्ध बातें लिखी गई थीं। अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन सभी इनपुट्स को तय प्रोटोकॉल के तहत जांचा जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि हाल के महीनों में राजधानी के स्कूलों को फर्जी धमकियों के कई मामले सामने आए हैं, जिनमें से अधिकांश ईमेल या इंटरनेट कॉल के जरिए भेजे गए थे।फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस ने कहा है कि जांच जारी है और दोषियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।