ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के खेल इतिहास में पहली बार हॉकी एशियन चैंपियनशिप ट्रॉफी की मेजबानी का मौका मिलने जा रहा है। इस बड़े टूर्नामेंट को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं और निरीक्षण प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। नितिन कोहली ने बताया कि टूर्नामेंट को लेकर टीम मोहाली से जालंधर पहुंची है, जो इंस्पेक्शन रिपोर्ट तैयार करेगी। यह रिपोर्ट पहले हॉकी इंडिया को भेजी जाएगी, जिसके बाद इसे एशियन हॉकी फेडरेशन को अग्रेषित किया जाएगा। अंतिम मंजूरी के बाद टूर्नामेंट की तारीखों की घोषणा होगी।
भारत-पाकिस्तान मैच पर खास नजर
उन्होंने बताया कि पंजाब डे के मौके पर 1 नवंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला कराने का प्रस्ताव रखा गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचते हैं। 1997 में हुए एक मुकाबले का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि उस समय हजारों दर्शकों की भीड़ उमड़ी थी।
स्टेडियम में होंगे बड़े बदलाव
फाइनल इंस्पेक्शन के दौरान सेक्रेटरी और अन्य अधिकारी, साथ ही मेयर विनीत धीर ने सुरजीत हॉकी स्टेडियम का दौरा किया। अधिकारियों ने कहा कि टूर्नामेंट से पहले स्टेडियम की सुविधाओं को बेहतर किया जाएगा और इसकी पूरी सूरत बदली जाएगी। साथ ही खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए अलग स्टेडियम भी तैयार किया जा रहा है।
कई देशों की टीमें लेंगी हिस्सा
इस टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, चीन, कोरिया, जापान और मलेशिया सहित कई देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। अन्य टीमों के शामिल होने की भी संभावना जताई जा रही है। यह टूर्नामेंट 27 तारीख से 5 तारीख तक आयोजित किया जा सकता है।
विकास परियोजनाओं को भी मिलेगा बढ़ावा
अधिकारियों ने इस उपलब्धि का श्रेय अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान को दिया। उनका कहना है कि उनके प्रयासों से पहली बार इस स्तर का अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट पंजाब में आयोजित होने जा रहा है। इसके साथ ही बर्ल्टन पार्क का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है, जिसे जल्द पूरा किया जाएगा।
करीब 70 से 80 करोड़ रुपये की इस परियोजना का उद्घाटन भी टूर्नामेंट के दौरान करने की योजना है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि दिलीप तिर्के ने पाकिस्तान टीम के पंजाब दौरे को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं।