कनाडा के सर्रे शहर में पंजाबी मूल के 27 साल के जसमन सेखों की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, यह वारदात संगठित अपराध और ड्रग कारोबार से जुड़ी एक टारगेटेड किलिंग प्रतीत होती है।घटना शनिवार शाम करीब 6:40 बजे सर्रे के सुलीवन हाइट्स इलाके में स्थित 15100 ब्लॉक 60 एवेन्यू के एक टाउनहाउस कॉम्प्लेक्स में हुई।
गोलीबारी की आवाज से पूरे इलाके में दहशत
हालांकि पुलिस ने इस मामले की जानकारी मंगलवार को सार्वजनिक की। चश्मदीदों के मुताबिक, काले रंग की SUV में सवार हमलावरों ने सेखों की गाड़ी को घेर लिया और उस पर 10 से ज्यादा राउंड फायर किए। गोलीबारी की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सेखों को CPR देकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। घटनास्थल पर खून के निशान और टूटे कांच बिखरे मिले, जिससे हमले की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
जांच एजेंसी Integrated Homicide Investigation Team (IHIT) के अनुसार, जसमन सेखों का आपराधिक रिकॉर्ड था और वह ड्रग कारोबार से जुड़ा हुआ था। शुरुआती जांच में यह मामला गैंगवार और ड्रग्स के वर्चस्व को लेकर की गई सुनियोजित हत्या का लग रहा है।
वारदात के लगभग 15 मिनट बाद 186 स्ट्रीट और 44 एवेन्यू के पास एक कार जलती हुई मिली, जिसे हमलावरों की गाड़ी माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अपराधी सबूत मिटाने के लिए अक्सर इस तरह गाड़ियों को आग लगा देते हैं।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस घटना के बाद शांत माने जाने वाले इस रिहायशी इलाके में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है।