ख़बरिस्तान नेटवर्क : भारत की जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और पाकिस्तान के कथित गैंगस्टर शहजाद भट्टी के बीच बयानबाज़ी अब और तीखी हो गई है। हाल ही में लॉरेंस गैंग से जुड़े रणदीप मलिक ने दावा किया था कि पुर्तगाल में भट्टी को ट्रैक कर उस पर हमला करवाया गया। अब भट्टी ने एक वीडियो जारी कर इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए लॉरेंस को खुली चुनौती दी है।
भट्टी ने बिश्नोई को बच्चा कहकर कसा तंज
वीडियो में भट्टी ने लॉरेंस को ‘बच्चा’ कहकर तंज कसा और दावा किया कि कभी लॉरेंस उससे हथियार लेने की गुहार लगाता था। उसने कहा कि लॉरेंस उसी के सहयोग से आगे बढ़ा है और उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। साथ ही व्यंग्य करते हुए उसने कहा कि अगर लॉरेंस के पास हथियारों की कमी है तो वह फिर से भेज सकता है।
पुर्तगाल हमले की खबर को बताया झूठ
भट्टी ने कथित पुर्तगाल हमले की बात को अफवाह बताते हुए कहा कि वह कभी वहां गया ही नहीं। उसका कहना है कि सोशल मीडिया पर दावा करने वाला गैंग का सदस्य अब डर के कारण चुप है। उसने लॉरेंस पर आरोप लगाया कि वह छोटी घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर खुद को बड़ा गैंगस्टर साबित करने की कोशिश करता है।
भारत में मौजूद होने का दावा
भट्टी ने यह भी कहा कि उसके 20-25 करीबी लोग भारत में सक्रिय हैं, जिन्हें लॉरेंस अब तक नुकसान नहीं पहुंचा पाया। उसने आरोप लगाया कि लॉरेंस अपने साथियों से काम लेने के बाद उनसे दूरी बना लेता है। साथ ही चेतावनी दी कि वह जरूरत पड़ने पर उनके खिलाफ कार्रवाई भी कर सकता है।
गद्दारी और सुरक्षा को लेकर आरोप
वीडियो में भट्टी ने लॉरेंस पर अपने सिद्धांतों और देश से गद्दारी का आरोप लगाया। उसने दावा किया कि लॉरेंस और उसका भाई अनमोल बिश्नोई भारी सुरक्षा में रहते हैं और उससे डरते हैं। भट्टी का कहना है कि उसके पास लॉरेंस से जुड़ी कई ऑडियो रिकॉर्डिंग हैं और मौका मिलने पर वह उन्हें सार्वजनिक करेगा।