ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के भार्गव कैंप थाना के अधीन आते एक घर में डेढ़ लाख रुपए की चोरी हुई। चोर घर से 50 हजार रुपए कैश, गहने, मोबाइल और सिलेंडर लेकर फरार हो गए। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब परिवार वाले घर पहुंचे। घर में उन्होंने देखा कि अलमारी खुली हुई है और सामान बिखरा पड़ा था। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी।
घर को बंद करके दवा लेने गई थी बुजुर्ग महिला
पीड़ित बुजुर्ग महिला ने बताया कि वह अपनी दवा लेने और पट्टी करवाने के लिए अस्पताल गई हुई थीं। घर पर उस समय कोई मौजूद नहीं था। जब उनकी बेटी घर पहुंची तो उन्होंने देखा कि घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी और ताले टूटे हुए थे। अंदर जाकर देखा तो पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। चोरों ने अलमारियों के लॉकर तोड़कर बड़ी ही तसल्ली से कीमती सामान पर हाथ साफ किया था।
गहनों के साथ सिलेंडर भी लेकर फरार हुए
वहीं पीड़ित परिवार के गुरमुख ने बताया कि चोर घर से सोने की अंगूठी, कान के टॉप्स, दो मोबाइल फोन और करीब 1 लाख रुपये से अधिक की नकदी ले गए हैं। हैरानी की बात यह है कि चोर घर में रखा गैस सिलेंडर भी अपने साथ ले गए। घर के अंदर के कमरों और बेड का सामान पूरी तरह से बिखरा हुआ था, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि चोरों ने काफी समय लगाकर कीमती वस्तुओं की तलाश की थी।
पुलिस पर ढीली कार्रवाई करने के आरोप
पीड़ित परिवार के एक रिश्तेदार ने पुलिस पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस मौके पर तो आई, लेकिन उन्होंने बयान दर्ज करने के लिए पीड़ितों को थाने बुला लिया, जबकि उन्हें मौके पर ही जरूरी कार्रवाई पूरी करनी चाहिए थी।फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।