ख़बरिस्तान नेटवर्क : संगरुर में सुबह-सुबह धुंध के कारण बड़ा हादसा हो गया। जहां बठिंडा-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर एक के बाद एक 10 गाड़ियां आपस में टकरा गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि दर्जन से ज्यादा लोग जख्मी हो गए हैं। जिन्हें ईलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
अचानक धुंध पड़ने के कारण हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि अचानक धुंध पड़ने के कारण लोगों को कुछ दिखाई नहीं दिया। जिसके बाद एक गाड़ी ने ब्रेक मारी तो उसी में सभी गाड़ियां टकराती चली गई। इनमें से कुछ गाड़ियां हाईवे के पास के खेतों में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीमें मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मृतकों और घायलों की हुई पहचान
पुलिस ने बताया कि इस हादसे में फरीदकोट के रहने वाले 42 साल के अमृत सिंह की मौत हो गई है। वहीं बरनाला की बलजीत कौर (50), बठिंडा की किरणा देवी (30), फरीदकोट की जसपाल कौर (65), फरीदकोट के सुरजीत सिंह (55), जगसीर सिंह (35) घायल हो गए। पुलिस ने स्थिति को कंट्रोल में कर लिया है और मामले की जांच चल रही है।