कनाडा के ओंटारियो के एलमवेल इलाके में एक पेट्रोल पंप पर बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां पेट्रोल में 50% से ज्यादा पानी मिलने से करीब 18 ग्राहकों की गाड़ियां खराब हो गईं। यह मामला मार्च 2026 के अंत और अप्रैल के पहले हफ्ते का बताया जा रहा है, जब क्रॉसलैंड्स रोड स्थित एसो स्टेशन से ईंधन भरवाने के बाद वाहनों में दिक्कतें आने लगीं।
लोगों को भारी रिपेयर खर्च उठाना पड़ा
कई ग्राहकों ने शिकायत की कि उनकी गाड़ियां कुछ किलोमीटर चलने के बाद ही बंद हो गईं। जांच के दौरान मैकेनिक्स को फ्यूल टैंक में भारी मात्रा में पानी मिला, जिससे इंजनों में हाइड्रोलिक लॉक की स्थिति बन गई। इसके चलते लोगों को 1 लाख से लेकर 4 लाख रुपए तक का भारी रिपेयर खर्च उठाना पड़ा।
शिकायतें बढ़ने पर Technical Standards and Safety Authority (TSSA) ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में सामने आया कि पेट्रोल पंप के अंडरग्राउंड टैंकों में पानी का रिसाव हुआ था। इसके बाद सुरक्षा के लिहाज से पंप को तुरंत सील कर दिया गया और टैंकों के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई।
पंप के मालिक सुखविंदर कंधोला ने कहा कि यह घटना अनजाने में हुई है और उन्हें नहीं पता कि टैंकों में पानी कैसे पहुंचा। उन्होंने प्रभावित ग्राहकों से माफी मांगते हुए बताया कि सभी के लिए इंश्योरेंस क्लेम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा
हालांकि, इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। जहां एक तरफ मालिक ने नस्लवाद और आपत्तिजनक टिप्पणियों की शिकायत की, वहीं ग्राहकों का कहना है कि असली पीड़ित वे लोग हैं, जिनकी गाड़ियां खराब हुईं और जिन पर भारी आर्थिक बोझ पड़ा है। फिलहाल मामले की तकनीकी जांच जारी है।