जालंधर-फगवाड़ा हाईवे पर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के पास ट्रक और प्राइवेट बस की टक्कर के बाद जमकर हंगामा हो गया। हादसे के तुरंत बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि बस कंडक्टर ने ट्रक ड्राइवर से चाबी छीन ली और सड़क पर मौजूद कुछ युवकों ने उसे थप्पड़ मारे और गालियां दीं।
ट्रक ड्राइवर रणजीत सिंह, ने आरोप लगाया कि बस कंडक्टर और क्लीनर ने पहले नुकसान के नाम पर उससे ऑनलाइन 2 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद उसकी जेब से 1800 रुपये और निकाल लिए गए और जाते-जाते उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।
घटना देर शाम की बताई जा रही है। टक्कर के बाद बस चालक-कंडक्टर ने ट्रक को रोककर ड्राइवर को नीचे उतार लिया। पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, फिर बस स्टाफ और कुछ अन्य लोगों ने कथित तौर पर ट्रक ड्राइवर के साथ मारपीट की।
वहीं बस कंडक्टर ने आरोप लगाया कि ट्रक ड्राइवर ने शराब पी रखी थी और नशे की हालत में ट्रक चलाते हुए बस को पीछे से टक्कर मारी। जब उससे इस बारे में पूछा गया तो वह बहस करने लगा। कंडक्टर का कहना है कि शराब पीकर वाहन चलाने के कारण ही उसे थप्पड़ मारे गए और ट्रक को साइड में लगाने को कहा गया।
ट्रक ड्राइवर ने बताया कि वह पशु चारा लेकर फगवाड़ा गया था। माल उतारने में देर होने और थकान के कारण उसने दो पैग शराब पी ली थी, लेकिन वह नशे की हालत में नहीं था कि ट्रक न चला सके। उसने लोगों के सामने शराब पीकर गाड़ी चलाने की गलती भी मानी, इसके बावजूद उसके साथ बदसलूकी की गई।
ड्राइवर के मुताबिक, टक्कर के बाद उसने अपने मालिक को फोन किया था, जिन्होंने ऑनलाइन नुकसान के पैसे भी भेज दिए थे, लेकिन इसके बावजूद बस कंडक्टर ने उसकी जेब से भी पैसे निकाल लिए। मोबाइल छीने जाने की शिकायत पुलिस को न देने पर उसने कहा कि उसने अपने मालिक को सब बता दिया है और वही शिकायत करेंगे।हंगामे के चलते हाईवे की एक लेन पर काफी देर तक ट्रैफिक जाम रहा। बाद में ट्रक और बस के हटने के बाद यातायात सुचारू हो सका।