चंडीगढ़ – पंचकूला रेलवे स्टेशन पर आज बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब लोको पायलट ने निर्धारित डिपार्चर टाइम से पहले ही ट्रेन चला दी। इस दौरान ट्रेन में चढ़ रहे कई यात्री असंतुलित होकर प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े। एक यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने खींचकर सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना कालका – दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12006) की है। शिकायतकर्ता सुरेंद्र भारद्वाज के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे कई यात्री ट्रेन में सवार हो रहे थे, तभी लोको पायलट ने अचानक ट्रेन आगे बढ़ा दी। अचानक ट्रेन रुकने और फिर चलने से यात्रियों का संतुलन बिगड़ गया, जिससे महिलाएं और बुजुर्ग समेत कई लोग नीचे गिर गए।
इस हादसे में एक व्यक्ति को बचाने के लिए उसकी बेटी ट्रेन से कूद गई, जिससे उसके पैर में चोट आई। वहीं, शिकायतकर्ता की बेटी स्वास्तिका भी गिरने से घायल हो गई। सुरेंद्र भारद्वाज अपनी पत्नी सुमन और बेटी के साथ चंडीगढ़ से दिल्ली यात्रा कर रहे थे।
शिकायत में यह भी बताया गया कि ट्रेन में मौजूद एक टीटीई को भी चोटें आई हैं और गिरने के दौरान उनका टैबलेट टूट गया। घटना के बाद लोको पायलट ने ट्रेन को रोक दिया।
मामले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अचानक ट्रेन चलने से यात्री गिरते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के आधार पर जीआरपी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए लोको पायलट के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और वीडियो व प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।