ख़बरिस्तान नेटवर्क : महाराष्ट्र के पुणे में बास्केटबॉल की ट्रेनिंग के दौरान पोल गिरने से 20 साल के युवक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान बीटेक के छात्र बाबूराम वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में लापरवाही बरतने को लेकर FIR दर्ज कर ली है।
युवक की मौके पर ही हुई मौत
जानकारी के मुताबिक बाबूराम वर्मा तोलानी मरीन इंस्टीट्यूट में बास्केटबॉल की ट्रेनिंग कर रहा था। इस दौरान ही कोर्ट का पिलर(रिंग वाला पोल) अचानक उसके ऊपर गिर गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि पोल की स्थिति पहले से खराब थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
हरियाणा में भी हुआ था ऐसा ही हादसा
आपको बता दें कि देश में यह कोई पहली घटना नहीं है जब खेल के मैदान में एक नौजवान के साथ ऐसा हादसा हुआ हो। इससे पहले करीब 5 महीने पहले हरियाणा के रोहतल में 16 साल के बास्केटबॉल खिलाड़ी हार्दिक राठी की मौत हो गई। जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था।