झारखंड से दिल्ली जा रहा एक चार्टर्ड एयर एंबुलेंस विमान सोमवार शाम चतरा जिले के समरिया जंगल क्षेत्र में क्रैश हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी 7 लोगों की मौत हो गई। यह विमान रेडबर्ड कंपनी का Beechcraft King Air B90L था, जिसे एयर एंबुलेंस के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था।
खराब मौसम में डायवर्जन के बाद टूटा संपर्क
फ्लाइट ने शाम 7:11 बजे रांची से उड़ान भरी थी। 7:30 बजे खराब मौसम के चलते विमान ने रास्ता बदलने (डायवर्जन) की अनुमति मांगी, लेकिन 7:34 बजे के करीब कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल से उसका संपर्क और रडार कनेक्शन टूट गया। इसके कुछ देर बाद विमान के क्रैश होने की सूचना मिली। हादसे के बाद विमान में आग लग गई और उसके हिस्से आसपास बिखर गए।
विमान में कैप्टन विवेक विकास भगत (पायलट), कैप्टन सबराजदीप सिंह (को-पायलट), संजय कुमार (मरीज), अर्चना देवी और धूरू कुमार (परिजन), विकास कुमार गुप्ता (डॉक्टर) और सचिन कुमार मिश्रा (पैरामेडिकल स्टाफ) सवार थे।
रांची के देवकमल हॉस्पिटल के CEO अनंत सिन्हा ने PTI को बताया कि एयर एंबुलेंस की व्यवस्था मरीज के परिवार ने की थी। लातेहार जिले के चंदवा निवासी संजय कुमार (41) को 16 फरवरी को 65% जलने की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली ले जाने का निर्णय लिया गया और सोमवार शाम करीब 4:30 बजे मरीज को अस्पताल से एयरपोर्ट के लिए रवाना किया गया।
इस बीच, DGCA ने बताया कि उड़ान के दौरान खराब मौसम के कारण डायवर्जन की अनुमति मांगी गई थी। अनुमति के कुछ ही देर बाद विमान का एटीसी से संपर्क टूट गया और फिर दुर्घटना हो गई। हादसे के कारणों की जांच जारी है।