ख़बरिस्तान नेटवर्क : हिमाचल में मणिमहेश यात्रा पर रोक लगा दी गई है। जानकारी के मुताबिक भरमौर SDM ने पुलिस कर्मियों को आदेश दिए हैं कि परिक्रमा स्थल धंछो, गौरीकुंड और मणिमहेश में पुलिसकर्मियों को तैनात कर स्पेशल निगरानी की जाए। इसके साथ ही कहा है किसी भी यात्री को धंछो से आगे न जाने दिया जाए।
इस कारण लिया गया है फैसला
दरअसल प्रशासन ने यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है। क्योंकि हाल ही भरमौर में हिमपात हुआ है और अभी भी 4 से 5 फुट बर्फ जमी हुई है। ऐसे में मणिमहेश की यात्रा जानलेवा साबित हो सकती है।
14 अप्रैल से खुल रहे हैं कपाट
SDM भरमौर ने अपने आदेशों में कहा कि ‘कार्तिक स्वामी मंदिर’ के कपाट 14 अप्रैल को खुल रहे हैं। हर साल की तरह इस बार भी कुछ भक्त अभी से कार्तिक स्वामी मंदिर पहुंचने लगे हैं। इस दौरान कुछ लोग मणिमहेश की ओर जा रहे हैं। किसी को भी परिक्रमा मार्ग (धंछो, गौरीकुंड और मणिमहेश) पर जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।