ख़बरिस्तान नेटवर्क : BCCI ने बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर कर दिया है। बोर्ड ने यह फैसला बांग्लादेश में हो रही हिंदुओं के खिलाफ हिंसा के बीच बांग्लादेशी खिलाड़ियों को लगातार उठ रही लीग से बाहर करने की मांग के बाद लिया है। BCCI ने कोलकाता नाइट राइडर्स को इसके निर्देश दिए थे।
KKR ने पोस्ट कर दी जानकारी
बोर्ड के इस फैसले के बाद KKR ने एक्स पर पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी है। KKR ने लिखा कि BCCI के निर्देश के बाद सभी जरूरी प्रक्रियाओं और आपसी परामर्श के बाद मुस्तफिजुर को टीम से बाहर कर दिया गया है। IPL नियमों के अनुसार BCCI ने KKR को एक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी लेने की अनुमति दी है। इससे जुड़ी आगे की जानकारी समय आने पर साझा की जाएगी।
BCCI सचिव भी दे चुके हैं बयान
इससे पहले BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने आज सुबह कहा, हाल के दिनों में जो घटनाक्रम सामने आए हैं, उन्हें देखते हुए बोर्ड ने KKR को मुस्तफिजुर को रिलीज करने का निर्देश दिया है। अगर फ्रेंचाइजी किसी रिप्लेसमेंट खिलाड़ी की मांग करती है, तो उसे इसकी अनुमति दी जाएगी।
14 दिन में 4 हिंदुओं की हो चुकी है मौत
बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रही हिंसा के बीच रहमान के IPL में खेलने का विरोध हो रहा है। वहां पिछले 14 दिन में 4 हिंदुओं की हत्या की जा चुकी है। IPL 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होगी। जबकि लीग का फाइनल मैच 31 मई को खेला जाएगा।