पंजाब से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। हाल ही में बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं, जिनमें वे गुलाब चंद कटारिया और बिक्रम सिंह मजीठिया के साथ नजर आए। इन तस्वीरों के सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं और बाबा की सियासत में संभावित भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे। अकाली दल और बीजेपी के संभावित गठबंधन को लेकर भी कयास लगाए जाने लगे।
इन्हीं चर्चाओं को देखते हुए राधा स्वामी सत्संग ब्यास प्रबंधन ने एक बड़ा निर्णय लिया है। संस्था की ओर से साफ किया गया है कि भविष्य में किसी भी VVIP या राजनीतिक शख्सियत के साथ बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों की तस्वीरें सार्वजनिक रूप से नहीं खिंचवाई जाएंगी।
सूत्रों के अनुसार, यह फैसला संस्था की निष्पक्ष और आध्यात्मिक छवि को बनाए रखने के लिए लिया गया है, ताकि किसी भी तरह के विवाद या राजनीतिक अटकलों से बचा जा सके।