एक्टर धर्मेंद्र को बुधवार सुबह मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। उनके परिवार ने फैसला किया है कि अब उनका इलाज घर पर ही जारी रहेगा। धर्मेंद्र को सुबह करीब 7:30 बजे अस्पताल से छुट्टी दी गई। उनके डॉक्टर डॉ. प्रतीत समदानी, जो आंतरिक रोगों और क्रिटिकल केयर के विशेषज्ञ हैं, ने बताया कि बीते कई हफ्तों से धर्मेंद्र की तबीयत में उतार-चढ़ाव बना हुआ था, वे कभी अस्पताल में भर्ती हो रहे थे तो कभी घर लौट रहे थे।
धर्मेंद्र के डिस्चार्ज होने के बाद उनके परिवार ने एक आधिकारिक बयान जारी कर मीडिया और प्रशंसकों से प्राइवेसी बनाए रखने की अपील की। धर्मेंद्र के जुहू स्थित घर के बाहर भीड़ न जुटे, इसके लिए पुलिस ने सड़क को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। निर्देशक गुड्डू धनोआ और प्रोड्यूसर असित मोदी उनसे मिलने घर पहुंचे और बताया कि धर्मेंद्र अब ठीक हैं।
इससे पहले, 11 नवंबर को सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र के निधन की झूठी खबरें फैल गई थीं, जिन पर परिवार ने नाराजगी जताई थी। जिसके बाद उनकी बेटी ईशा देओल ने पोस्ट कर कहा था, मीडिया गलत खबरें फैला रहा है। पापा की हालत स्थिर है और वे रिकवर कर रहे हैं। कृपया हमारे परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें।वहीं पत्नी हेमा मालिनी ने भी फेक खबरों को लेकर सख्त नाराजगी जताई थी।
धर्मेंद्र को 10 नवंबर को सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।अब वे घर पर डॉक्टर्स की निगरानी में हैं और तेजी से रिकवर कर रहे हैं।जल्द ही धर्मेंद्र अपनी आने वाली फिल्म ‘इक्कीस’ में नजर आएंगे, जो भारत-पाक युद्ध के नायक अरुण खेत्रपाल की कहानी पर आधारित है। इसमें वे अगस्त्य नंदा के पिता की भूमिका निभा रहे हैं।