हरियाणा के झज्जर जिले में बुधवार को दिनदहाड़े एक फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सुबह करीब 11:15 बजे डीघल गांव के सांपला रोड स्थित एक ऑफिस में हुई, जहां साहिल उर्फ सोनू (26) अपने साथियों के साथ बैठा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आए तीन बदमाशों ने ऑफिस पर धावा बोल दिया। अंदर घुसने से पहले एक हमलावर ने पिस्टल से टेस्टिंग फायर कर हथियार चेक किया, जिसके बाद तीनों ने ऑफिस में घुसकर ताबड़तोड़ करीब 14 राउंड फायरिंग की।
फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल साहिल को तुरंत रोहतक के कायनोस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
CCTV कैमरे में कैद जुई घटना
पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में दिख रहा है कि हमलावर पहले ऑफिस के बाहर फायरिंग करते हैं, फिर अंदर घुसकर गोलियां चलाते हैं। इस दौरान एक युवक पीछे के रास्ते से भागने में सफल रहा।
आरोपियों की तलाश जारी
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मौके से गोलियों के खोल भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हत्या के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और आरोपियों की तलाश जारी है।