पंजाब के फाजिल्का के अबोहर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रोटी चौक के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीन युवकों की मौ’त
मृतकों की पहचान उदय, विशाल (दोनों सगे भाई) और उनके साथी रमन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद तीनों की हालत नाजुक थी और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। कार में सवार अन्य दो युवक अनमोल और रोशन गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा देर रात करीब 1 बजे हुआ।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद फरीदकोट रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मृतक और घायल सभी युवक अबोहर के पास स्थित गांव बलुआणा के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। तेज रफ्तार और वाहन के नियंत्रण खोने समेत सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।



