ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमृतसर के जंडियाला गुरु के पास गांव मिहेरबानपुरा के अड्डे पर बने शराब के ठेके पर देर रात फायरिंग की घटना सामने आई है। अज्ञात हमलावरों ने ठेके पर काम कर रहे कर्मचारियों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
4 राउंड फायरिंग, एक युवक की गर्दन में लगी गोली
जानकारी के अनुसार हमलावरों ने कुल चार राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली ठेके पर काम करने वाले युवक जशनूर सिंह की गर्दन में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पहले भी हो चुका है हमला, हमलावरों के हौसले बुलंद
बताया जा रहा है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी 18 नवंबर को ठेके के मालिकों पर हमला किया गया था। बीती रात जब ठेके के मालिक वहां से निकलकर गए, उसके कुछ ही देर बाद हमलावरों ने फायरिंग कर दी। इस बार सीधे कर्मचारियों को निशाना बनाया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, CCTV खंगाल रही जांच टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।