हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। शिमला से कुपवी जा रही एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में 8 लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
50 से ज्यादा यात्री सवार थे
जानकारी के अनुसार, बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। हादसे में कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह दुर्घटना दोपहर बाद करीब 2:45 बजे कुपवी से लगभग 28 किलोमीटर पहले हुई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी घटनास्थल पर भेज दी गई हैं। घायलों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से निजी वाहनों के जरिए हरिपुरधार अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।