ख़बरिस्तान नेटवर्क : ‘बॉलीवुड क्लब’ ने के.एल.सहगल मेमोरियल सभागार में रंगारंग कार्यक्रम ‘आओ ट्विस्ट करें’ का आयोजन किया। नए साल और लोहड़ी के उपलक्ष्य मे आयोजित समारोह के बारे क्लब प्रधान डॉ. दविन्द्र चोपड़ा ने बताया कि – क्लब के सदस्य किस तरह संगीत को प्रेम करते हैं।

इंद्नधनुषी छटा से सराबोर इस प्रोग्राम में सुरीले गीतों सहित कला के विविध रंग देखने को मिले। नरेंद्र, विजय चौधरी, जिम्मी, कृतिका जैसे मंझे हुए बॉलीवुड गायकों ने ‘आने वाले साल को सलाम’, ‘आने वाला पल जाने वाला है’, ‘ईना मीना डीका’, ‘आओ न गले लगा लो न’, ‘वादा करो तुम दोगे मेरा साथ’ आदि सुमधुर गीत गाकर श्रोताओं का दिल जीत लिया।
भांडों के चरित्र को अपने उत्कृष्ट अभिनय के माध्यम से जीवंत करते हुए आशिमा तथा सुनीता भल्ला ने ख़ूब वाह वाही बटोरी। ‘आओ ट्विस्ट करें’ गीत पर क्लब एवं पारिवारिक सदस्यों की नृत्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्न बनी। विजय चौधरी, शरणजीत एवं साथियों द्वारा गाए गए लोहड़ी गीत ‘सुंदर मुंदरिए ओ’, ‘तिल्ली मोतियां भरी’ तथा बोलियों और भांगड़ा गीतों पर गुरदीप सिंह लूथरा एवं साथियों की प्रशंसनीय प्रस्तुति ने दर्शकों के उत्साह में पंजाबी तड़का लगाने का कार्य किया।
लायलपुर ख़ालसा गर्ल्स स्कूल की छात्राएं गिद्दे आदि प्रस्तुतियों के दौरान अपनी शानदार भाव-भंगिमाओं द्वारा ग्रामीण सभ्याचार में रची-बसी महक उपस्थित जनों तक पहुंचाने में विशेषकर कामय़ाब रहीं। केटवॉक हो या जोड़ियों के लिए आयोजित बैलून डांस, हर आइटम का सदस्यों ने पूरा लुत्फ़ उठाया।
‘लक्की ड्रा’ के जरिए चयनित, दिसंबर-जनवरी माह में जन्मे अथवा विवाह बंधन में बंधे सदस्यों के साथ-साथ, बालीवुड क्विज़ के तहत पूछे गए प्रश्नों का सही उत्तर देने वाले सदस्यों को भी प्रायोजकों की ओर से उपहार भेंट किए गए।