ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के उजाला नगर में आवारा कुत्तों को लेकर 2 पक्षों में मारपीट हो गई। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है जिसमें दो पक्ष आपस में लड़ाई कर रहे हैं। घटना के बाद पुलिस को इसकी शिकायत दी गई। पुलिस ने शिकायतें मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।
आवारा कुत्तों को खाना खिलाने को लेकर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि उजाला नगर की पलक नाम की महिला गली में आवारा कुत्तों को खाना खिलाती हैं। जिसका पड़ोसियों ने इसका विरोध किया। लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों गली में आने-जाने वाले लोगों को काट लेते हैं। जिससे दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सोमवार को इसी बात को लेकर बहस हो गई।
पड़ोसी पर लगाए मारपीट के आरोप
पलक ने आरोप लगाया कि पड़ोसी विक्रम ठाकुर ने उनके साथ बदसलूकी की और उनके भाइयों के साथ मारपीट की। दूसरी ओर, विक्रम ठाकुर का कहना है कि उन्होंने कई बार कुत्तों के कारण हो रही परेशानी के बारे में पलक को बताया था। उनका आरोप है कि जब उन्होंने इस बात का विरोध किया तो पलक के भाइयों ने उनके साथ मारपीट की।
थाना पांच के इंचार्ज यादविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को दोनों तरफ से शिकायतें मिली हैं। दोनों पक्षों को थाने में बुलाया गया है और मामले की जांच के बाद बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।