महाराष्ट्र के नासिक जिले में शुक्रवार देर रात एक भीषण हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा रात करीब 10 बजे डिंडोरी शहर के शिवाजी नगर इलाके में हुआ, जब एक कार अचानक कुएं में जा गिरी।
कार अनियंत्रित होकर कुएं में गिरी
पुलिस के मुताबिक, परिवार एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित समारोह से लौट रहा था। जैसे ही वे वेन्यू के पास पहुंचे, कार अनियंत्रित होकर पास के कुएं में गिर गई। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया।
हादसे में सभी की हुई मौत
आधी रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में दो क्रेन और तैराकों की मदद से कार को बाहर निकाला गया। कार में सवार सभी लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
जांच में जुटी पुलिस
मृतकों में सुनील दत्तू दरगुडे (32), उनकी पत्नी रेशमा, आशा अनिल दरगुडे (32) और परिवार के छह बच्चे (पांच लड़कियां और एक लड़का) शामिल हैं।पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चालक को रास्ते में मौजूद कुआं क्यों दिखाई नहीं दिया। साथ ही, चश्मदीदों की तलाश और इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।