ख़बरिस्तान नेटवर्क : मोगा के धल्लेके गांव में तेज रफ्तार Scorpio कार का कहर देखने को मिला। जहां तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर घर में बनी एक दुकान में जा घुसी। इस हादसे में 22 साल के सुखवीर सिंह की मौत हो गई। गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह दर्दनाक घटना कैद हो गई। जिसकी फुटेज भी सामने आई है।
दूध लेने निकला था मृतक
जानकारी के मुताबिक रात करीब 10 बजे सुखवीर दुकान से दूध लेने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी आई और बाहर खड़े युवकों को टक्कर मारते हुए दुकान में घुस गई। घटना के बाद कार में सवार 4 युवक मौके से फरार हो गए। जबकि एक को लोगों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
गाड़ी में पड़ी थी शराब की बोतलें
घटना के बारे में जानकारी देते हुए दुकानदार राजकुमार ने बताया कि हादसा अचानक हुआ था। गाड़ी सीधे दुकान में घुस आई। उस समय बाहर अन्य लोग भी मौजूद थे, लेकिन उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। गाड़ी में सवार सभी ने शराब पी रखी और अंदर शराब की बोतलें भी पड़ी मिली थीं।
सैलून में काम करता था मृतक
मृतक के भाई लखबीर ने बताया कि सुखवीर सैलून में काम करता था। वह शादी शुदा और उसका 3 साल का एक बेटा भी है। कार के टक्कर मारने के बाद उसे जख्मी हालत में अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। हमारी पुलिस प्रशासन से मांग है कि वह इस मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं बाकियों की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।