कनाडा के विंडसर में पंजाबी इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की हत्या से पहले का आखिरी वीडियो सामने आया है, जिसे उनकी बहन अलीशा ग्रेवाल ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो में नैन्सी 4 मार्च को दोपहर 3:02 बजे घर से लाल बैग लेकर अपनी कार में बैठकर काम पर जाती हुई नजर आ रही हैं। यह वही दिन था, जब रात को उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।
अलीशा ने वीडियो के साथ भावुक पोस्ट लिखते हुए कहा कि वह अपनी बहन को हर दिन याद करती हैं और यह नैन्सी का आखिरी वीडियो है। उन्होंने बताया कि उस दिन नैन्सी बिल्कुल सामान्य तरीके से घर से निकली थीं, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि वह कभी वापस नहीं लौटेंगी।
पुलिस के अनुसार, 4 मार्च की रात करीब साढ़े 9 बजे हमलावर घर में घुसे। उस समय नैन्सी एक बुजुर्ग मरीज को देखने गई हुई थीं। हमला होने पर वह जान बचाने के लिए जंगल की ओर भागीं, जहां दो हमलावरों ने चाकू से कई वार कर उनकी हत्या कर दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हरियाणा में जन्मी नैन्सी का परिवार बाद में पंजाब के लुधियाना और जालंधर में रहा, और वह वर्तमान में कनाडा के विंडसर में रह रही थीं। शुरुआती जांच में कनाडाई पुलिस ने खालिस्तानी कनेक्शन से इनकार किया था, लेकिन अब इस एंगल को भी जांच में शामिल कर लिया गया है। हालांकि, सिख फॉर जस्टिस से जुड़े गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक वीडियो जारी कर इस हत्या में अपने संगठन की भूमिका से इनकार किया है।
नैन्सी ग्रेवाल खालिस्तान और पंजाब के कई मुद्दों पर खुलकर बोलती थीं। हाल ही में उन्होंने कुछ धार्मिक और राजनीतिक हस्तियों पर भी तीखी टिप्पणी की थी। लगातार मिल रही धमकियों के कारण उन्होंने कुछ समय से सोशल मीडिया पर सक्रियता कम कर दी थी। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है, लेकिन अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।