ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना के न्यू माधोपुर इलाके में सरेआम एक मनी एक्सचेंजर की दुकान पर गन पॉइंट से लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि दुकानदार ने दोनों लुटेरों का जमकर सामाना किया। पर दोनों आरोपी हथियार दिखाकर मौके से फरार हो गए। इस दौरान इलाका निवासियों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की पर वह भाग निकले। यह पूरी घटना दुकान और गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
2 अप्रैल रात साढ़े 9 बजे की है घटना
यह घटना 2 अप्रैल साढ़े 9 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि 2 लुटेरे साहिल टेलीकॉम नाम की दुकान पर पहुंचते हैं। इस दौरान एक लुटेरा दुकान के अंदर घुसकर दुकानदार से पैसे मांगता है। जब दुकानदार पैसे देने का विरोध करता है तो लुटेरा पिस्तौल निकाल लेता है और उस पर फायरिंग कर देता है। इस दौरान लुटेरे का दूसरा साथी भी दुकान के अंदर घुस जाता है। वह भी तेजधार हथियार दिखाकर उसे पैसे देने के लिए कहता है।
दुकानदार ने लुटेरे का किया पीछा
जैसे ही लुटेरे जाने लगते हैं तो दुकानदार उसका पीछा करता है और उन पर हमला कर देता है। इस दौरान गली में बाकी लोग भी इकट्ठा हो जाते हैं और वह भी लुटेरों के पीछे भागते हैं। इस दौरान लोग लुटेरों के बाइक से गिरा देते हैं और पकड़ भी लेते हैं। पर लुटेरा हथियार दिखाकर वहां से फरार हो जाता है। वहीं दूसरे लुटेरा भी मौके पाकर फरार हो जाता है।
लुटेरों ने चलाई थी 5 गोलियां
घटना की जानकारी देते हुए इलाका निवासी ने बताया कि लुटेरों ने मोबाइल की दुकान को निशाना बनाया था। लुटेरों ने 2 गोलियां दुकान के अंदर चलाई थी और जाते-जाते 3 बार गोलियां चलाई हैं। लोगों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की पर वह फरार हो गए। हालांकि बाइक बरामद करके पुलिस को सौंप दी गई है। पर इस तरह की घटना ने लोगों के मन में डर पैदा कर दिया है।