जालंधर के राज नगर इलाके में देर रात करीब 12 बजे फायरिंग की घटना सामने आई, जिसमें एक युवक घायल हो गया। घायल की पहचान बब्बल के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है और हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद परिजनों ने एंबुलेंस को कॉल किया, लेकिन करीब 45 मिनट तक एंबुलेंस न पहुंचने पर युवक को ऑटो के जरिए अस्पताल ले जाना पड़ा। इस दौरान घायल युवक दर्द से कराहता रहा।
मामले की सूचना मिलते ही बस्ती एरिया के एडीसीपी-2 मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक 2 से 3 फायरिंग की सूचना है और घटनास्थल से दो खोखे बरामद हुए हैं। अभी तक इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी नहीं हो सकी है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और बयान के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घायल युवक की मां भारती ने कहा कि उनके बेटे पर नशा बेचने के झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। वहीं, दूसरे पक्ष के जोगा ने भी आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उनके परिवार को फंसाया जा रहा है।
दूसरी ओर, सोनू और जसविंदर का कहना है कि सन्नी लूथरा ने 15-20 लड़कों को बुलाकर उनके घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग करवाई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सन्नी इलाके में नशे का कारोबार करता है और पहले भी उस पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, फायरिंग के दौरान एक बच्चा भी बाल-बाल बच गया। कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि इलाके में 8 से 10 राउंड फायरिंग हुई और झगड़े के दौरान ईंट-पत्थर व तेजधार हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।