पंजाब के फगवाड़ा में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां जालंधर रोड पर चलती कार पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चला दीं। इस हमले में कार सवार युवक बाल-बाल बच गया।घटना की पुष्टि एसएसपी गौरव तूरा ने की है। उन्होंने बताया कि मामले में केस दर्ज किया जा रहा है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
यह वारदात आशीष होटल के पास हुई। पीड़ित की पहचान काशी नगर निवासी सुखविंदर कुमार उर्फ हनी के रूप में हुई है। सुखविंदर के मुताबिक, वह अपनी कार से जा रहा था, तभी कुछ अज्ञात हमलावरों ने उसका पीछा किया और पीछे से उसकी गाड़ी पर फायरिंग शुरू कर दी। उसने तुरंत कार की स्पीड बढ़ाई और मौके से सुरक्षित निकल गया।
पुराने केस से जुड़ा हमला?
सुखविंदर ने दावा किया कि यह हमला मई 2025 के एक मामले से जुड़ा है, जिसमें उसे नशीले पदार्थों के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उसका आरोप है कि उस दौरान सीआईए स्टाफ के कुछ पुलिसकर्मियों ने केस खत्म करने के बदले पहले 10 लाख रुपये और बाद में 2.50 लाख रुपये की मांग की थी।
पीड़ित के अनुसार, पैसे देने के बाद उसने इस मामले की शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसके चलते जांच में चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ, जिनमें तत्कालीन सीआईए इंचार्ज भी शामिल थे।
गवाही बदलने का दबाव और धमकियां
सुखविंदर का आरोप है कि उक्त पुलिसकर्मी तब से उस पर, उसके ससुर और वकील पर अदालत में अपने पक्ष में गवाही देने का दबाव बना रहे हैं। उसने यह भी कहा कि उसे पैसे का लालच दिया गया और मना करने पर जान से मारने की धमकियां मिलीं।
पीड़ित का दावा है कि उसके पास इन आरोपों से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद हैं। घटना के बाद भी उसे लगातार धमकी भरे संदेश मिल रहे हैं।पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर कार पर लगे गोलियों के निशान कब्जे में ले लिए हैं। फिलहाल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।