लुधियाना जिले के कस्बा खन्ना से बड़ी खबर सामने आई है। चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और जूता कारोबारी हनी सेठी को पुलिस ने नशा करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक डोप टेस्ट में नशीले पदार्थों के सेवन की पुष्टि हुई है, जिसके बाद उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
डोप टेस्ट पॉजिटिव
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई खन्ना के पास दोराहा थाना क्षेत्र में की गई। दोराहा में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर हनी सेठी को रोका। इसके बाद उन्हें दोराहा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां कराया गया डोप टेस्ट पॉजिटिव पाया गया।
पुलिस का कहना है कि इससे पहले भी हनी सेठी की गतिविधियों को लेकर शिकायतें मिलती रही हैं। दोराहा पुलिस स्टेशन के एसएचओ आकाश दत्त ने बताया कि सूचना और संदेह के आधार पर कार्रवाई की गई। मेडिकल रिपोर्ट में नशा करने की पुष्टि होने के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तारी की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी रहेगी।
गौरतलब है कि हनी सेठी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और अक्सर अपने बयानों व गतिविधियों के कारण विवादों में घिरे रहते हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस ने साफ कहा है कि नशीले पदार्थों की दुरुपयोग के खिलाफ सख्त अभियान जारी है और कानून तोड़ने वालों के साथ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।