उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थ केदारनाथ मंदिर के कपाट 22 अप्रैल को शुभ वृष लग्न में श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसकी आधिकारिक घोषणा शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में विधि-विधान के साथ की गई। घोषणा के बाद से ही भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।मंदिर समिति के अनुसार, बुधवार 22 अप्रैल को सुबह 8 बजे शुभ वृष लग्न में कपाट खोले जाएंगे। इसके साथ ही छह महीने तक चलने वाली केदारनाथ यात्रा की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी।
बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की तिथियां भी घोषित
केदारनाथ के कपाट खुलने के एक दिन बाद बदरीनाथ मंदिर के द्वार 23 अप्रैल को ब्रह्ममुहूर्त में सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर खोले जाएंगे। इस तिथि की घोषणा पहले ही वसंत पंचमी के अवसर पर की जा चुकी है।
वहीं गंगोत्री मंदिर और यमुनोत्री मंदिर के कपाट अक्षय तृतीया के दिन 19 अप्रैल को खोले जाएंगे। इन दोनों धामों के सटीक शुभ मुहूर्त की जानकारी मंदिर समितियां अलग से जारी करेंगी।
चारधाम यात्रा की तैयारियां जोरों पर
चारधाम यात्रा को लेकर उत्तराखंड सरकार और स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सड़कों की मरम्मत, सुरक्षा व्यवस्था और पंजीकरण प्रणाली को दुरुस्त किया जा रहा है। होटल और धर्मशालाओं में भी अग्रिम बुकिंग शुरू हो चुकी है।
हर साल लाखों श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर पहुंचते हैं। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में यात्रियों के आने की उम्मीद है। भक्त साफ मौसम और अनुकूल परिस्थितियों की कामना के साथ बाबा केदारनाथ के दर्शन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।



