जालंधर के गाजी गुल्ला इलाके के पास युवती से छेड़छाड़ के आरोप को लेकर जमकर हंगामा देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, एक पिता अपनी बेटी के साथ बाइक पर दही-भल्ले लेकर घर जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक लड़की को देखकर पीछे आए।
युवकों की जमकर हुई छित्तर परेड
आरोप है कि युवकों ने युवती के साथ छेड़छाड़ की, जिस पर मौके पर विवाद बढ़ गया। पिता और युवकों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। देखते ही देखते आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए और गुस्साई भीड़ ने तीनों युवकों को काबू कर लिया। इस दौरान उनकी छित्तर-परेड भी की गई।
मामले की जानकारी देते हुए वरुण ने बताया कि उसका भाई आगे बाइक पर जा रहा था, तभी तीन युवकों ने उसकी भतीजी के साथ छेड़छाड़ की। भीड़ देखकर वह रुका तो देखा कि उसके भाई के साथ हाथापाई हो रही है। इसके बाद उसने तीनों युवकों को पकड़ लिया।
वहीं, एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि लोग अपनी बहनों का सम्मान करते हैं, लेकिन दूसरों की बहनों से सरेआम छेड़छाड़ करते हैं। दूसरी ओर, तीनों युवकों ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने केवल लड़की को देखा था, छेड़छाड़ नहीं की। युवकों ने माफी भी मांगी।
तीनों के दस्तावेज जांचे गए
इसके बाद लोगों ने युवकों से उनके दस्तावेज दिखाने को कहा और चेतावनी दी कि यदि कागजात सही नहीं पाए गए तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। काफी देर तक चले हंगामे के बाद तीनों के दस्तावेज जांचे गए, जो सही पाए जाने पर उन्हें छोड़ दिया गया।



