ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के RTO ड्राइविंग टेस्ट के दौरान आज सुबह-सुबह एक किन्नर ने जमकर हंगामा किया। उसने RTO ऑफिस के कर्मचारियों पर मनमानी करने के आरोप लगाए और कहा कि पार्किंग सही न होने का हवाला देकर उसके दोस्त को फेल कर दिया गया। इस कारण RTO ऑफिस में काफी देर तक ड्राइविंग टेस्ट की प्रक्रिया बाधित रही।
दोस्त के साथ टेस्ट देने आई थी
किन्नर का कहा कि वह दोस्त के साथ ड्राइविंग टेस्ट देने ट्रैक पर आई थीं, जहां उनके दोस्त को पहले यह कहकर फेल कर दिया गया कि उसकी गाड़ी लग गई है। जब कर्मचारियों को इसका वीडियो दिखाने की मांग की तो उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद जब दूसरी बार टेस्ट देने पहुंचे तो इस बार पार्किंग सही न होने का हवाला देकर फिर से फेल कर दिया गया।
ट्रैक पर हर जगह घास उगी हुई है
किन्नर ने आगे कहा कि ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक पर घास उगी हुई है और जब कोई टेस्ट देने के लिए ट्रैक पर जाता है तो उसे यह कहकर फेल कर दिया जाता है कि उसकी गाड़ी घास में लग गई। उन्होंने कहा कि रोजाना कई लोगों के साथ ऐसा हो रहा है, लेकिन डर के कारण कोई भी अपनी आवाज नहीं उठाता।
सही प्रक्रिया बताना कर्मचारियों की जिम्मेदारी है
उन्होंने कहा कि ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक पर आने वाला हर व्यक्ति पढ़ा-लिखा नहीं होता, ऐसे में कर्मचारियों की जिम्मेदारी बनती है कि वह सही तरीके से गाड़ी चलाने और टेस्ट देने की प्रक्रिया समझाएं। लेकिन यहां बिना सही जानकारी दिए ही लोगों को फेल कर दिया जाता है। हर कोई बार-बार टेस्ट की फीस के लिए संभव नहीं होता है।
इस संबंध में जब उन्होंने टेस्ट लेने वाले कर्मचारी से बातचीत करने की कोशिश की तो उसने बात करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद मौके पर हंगामा शुरू हो गया।