पंजाब के जालंधर से यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस अब जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर भी रुकेगी।इस ट्रेन को हरी झंडी पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू ने दिखाई। उन्होंने ही इस ट्रेन के जालंधर कैंट स्टेशन पर ठहराव की मांग उठाई थी, जिसे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंजूरी दे दी।
लंबे समय से थी मांग
जालंधर, होशियारपुर, नकोदर और कपूरथला सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु लंबे समय से यह मांग कर रहे थे कि उन्हें सीधे श्री माता वैष्णो देवी कटरा जाने के लिए वंदे भारत ट्रेन का लाभ मिले। अब यह मांग पूरी हो गई है।
ट्रेन का नया समय
ट्रेन नंबर 22439 (नई दिल्ली से कटरा) सुबह 10:04 बजे जालंधर कैंट पहुंचेगी और 10:06 बजे रवाना होगी
ट्रेन नंबर 22440 (कटरा से नई दिल्ली) शाम 6:51 बजे पहुंचेगी और 6:53 बजे रवाना होगी
समय-सारिणी में बदलाव
जालंधर कैंट पर ठहराव जोड़ने के कारण कुछ स्टेशनों के समय में मामूली बदलाव किया गया है।
भोगपुर स्टेशन पर ट्रेन 5 मिनट देरी से पहुंचेगी
साहनेवाल स्टेशन पर भी 5 मिनट की देरी होगी
यात्रियों को बड़ा फायदा
इस फैसले से जालंधर और आसपास के जिलों के यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। अब श्रद्धालु कम समय में आरामदायक सफर करते हुए माता वैष्णो देवी के दर्शन कर सकेंगे। इस अवसर पर रेलवे के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।