जालंधर के अर्बन एस्टेट फेज-2 इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पंजाब के कैबिनेट मंत्री के घर के पीछे वाली गली में दो बाइक सवार लुटेरों ने दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया। वारदात सोमवार देर शाम की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला लीलावती अपने घर के बाहर बैठी थीं, तभी बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। उनमें से एक युवक नीचे उतरा और पानी मांगने का बहाना बनाकर महिला से बातचीत करने लगा। महिला ने उसे पास के पार्क में लगे नल की ओर जाने के लिए कहा।
इसी दौरान मौका पाकर आरोपी ने झपट्टा मारकर महिला के कानों से सोने की बालियां नोच लीं और तुरंत भागकर अपने साथी के साथ बाइक पर फरार हो गया। इस अचानक हुई घटना से महिला घबरा गईं और उनके कानों में चोट भी आई है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी पहले से रेकी कर रहे थे और फिर चालाकी से वारदात को अंजाम दिया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते को ट्रैक करना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।