ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना के जगराओं से वृंदावन की पावन धरा पर बांके बिहारी के दर्शन करने गए श्रद्धालुओं के लिए शुक्रवार की सुबह काल बनकर आई। मथुरा के वृंदावन में यमुना नदी पार करते समय एक नाव अचानक संतुलन बिगड़ने से पलट गई, जिसमें डूबने से 10 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई।
एक ही घर से उठीं सात अर्थियां
इस हादसे में सबसे ज्यादा चोट जगराओं के एक ही परिवार को लगी है, जिसने अपने 7 सदस्यों को हमेशा के लिए खो दिया। मरने वालों में मां-बेटे, चाचा-चाची और बुआ-फूफा जैसे करीबी रिश्ते शामिल थे। जो परिवार एक साथ खुशियां मनाने के लिए घर से निकला था, वह चंद पलों में पूरी तरह तबाह हो गया।
9 अप्रैल को दो बसों से निकले थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक जगराओं के श्री बांके बिहारी क्लब की 4 दिवसीय विशेष यात्रा के लिए वीरवार (9 अप्रैल) को दो बसों में कुल 130 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना हुआ था। इनमें से 90 श्रद्धालु अकेले जगराओं शहर से थे, जबकि बाकी अन्य शहरों के निवासी थे। बांके बिहारी मंदिर में माथा टेकने के बाद करीब 30 श्रद्धालु यमुना के दूसरे छोर पर स्थित मंदिरों के दर्शन के लिए नाव में सवार हुए थे। इसी दौरान नाव बीच नदी में पलट गई।
वायरल हुआ आखिरी वीडियो
हादसे से ठीक पहले का एक कथित वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में सभी श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ ‘राधे-राधे’ का जाप करते हुए यमुना की लहरों का आनंद लेते दिख रहे हैं। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किसी भी श्रद्धालु ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी, जिसे सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ी लापरवाही माना जा रहा है।
हादसे में मारे गए लोगों की सूची
इशान कटारिया
करोरी
कविता बहल पत्नी विजय कुमार, जगराओं, गीता कॉलोनी, लुधियाना
मधुर बहल पुत्र विजय कुमार, जगराओं, गीता कॉलोनी, लुधियाना
प्रिंसी पुत्री चरनजीत, जगराओं, लुधियाना
चरनजीत, जगराओं, लुधियाना
आशा रानी पत्नी अर्जुन दास मीणा, हिसार
मीनू, फेज-2 दुगरी, लुधियाना
राकेश गुलाटी, फेज-2 दुगरी, लुधियाना
अंजू गुलाटी पत्नी राकेश गुलाटी, फेज-2 दुगरी, लुधियाना
पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

वहीं इस हादसे पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है। इसके साथ ही उन्होंने मृतकों के परिवार के लिए मुआवजे का भी ऐलान किया है। पीएम ने मृतकों के परिवारों के लिए 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए देने की घोषणा की है।