ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के गुरु नानक पुरा वेस्ट से एक दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक कार ने गली में खेल रही 7 साल की बच्ची को कुचल दिया। जिससे बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद परिवार का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
गली के बाहर खेल रही थी बच्ची
बताया जा रहा है कि 7 साल की राधिका रोज की तरह ही घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान कार चालक आया और उसने बिना ध्यान दिए गाड़ी को मोड़ने की कोशिश की। कार को मोड़ते समय वह बच्ची को देख नहीं पाया और उसने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार सदमे में
घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। जब परिजनों ने राधिका को लहूलुहान हालत में देखा, तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। एक हंसती-खेलती बच्ची की अचानक मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
मोगा का रहने वाला है आरोपी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं आरोपी कार चालक को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी कार चालक मोगा का रहने वाला है और वह यहां पर अपने परिवार से मिलने के लिए आया हुआ था।