गाजियाबाद के RKGIT कॉलेज में 3 अप्रैल को हुए एक म्यूजिक शो के दौरान हुई मिसहैपिंग पर पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक वीडियो शेयर कर बताया कि स्टेज पर अचानक एक छात्र के आ जाने और उनके पैरों में गिरने से वह घबरा गई थीं, लेकिन वह छात्र को माफ करती हैं।
दरअसल, परफॉर्मेंस के दौरान एक छात्र सुरक्षा घेरा तोड़कर स्टेज पर पहुंच गया और सुनंदा के पैर छूने की कोशिश की। इस अचानक हुई घटना से सिंगर डर गईं और सुरक्षा कारणों से शो को बीच में ही रोकना पड़ा।
घटना के बाद छात्र शिवांग पांडे ने भी वीडियो जारी कर माफी मांगी। उसने कहा कि वह सुनंदा का बड़ा फैन है और उनका इरादा गलत नहीं था। उसने भावुक होकर कहा कि अगर सिंगर उसे माफ कर देंगी तो कॉलेज प्रशासन भी उस पर नरमी बरतेगा।
वहीं सुनंदा शर्मा ने अपने वीडियो में कॉलेज प्रशासन से अपील की कि छात्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई न की जाए। उन्होंने कहा कि कई बार फैंस का प्यार जताने का तरीका गलत हो जाता है, लेकिन उस छात्र की मंशा गलत नहीं लगती।
सिंगर ने यह भी कहा कि एक कलाकार के रूप में सुरक्षा बेहद जरूरी है और ऐसे हालात में घबराहट होना स्वाभाविक है। उन्होंने अपने फैंस को संदेश देते हुए कहा कि प्यार और सम्मान जताने का तरीका ऐसा होना चाहिए, जिससे किसी को असुविधा न हो। साथ ही, उन्होंने अपने चाहने वालों का समर्थन और प्यार देने के लिए धन्यवाद भी किया।