पंजाब के संगरूर जिले में स्थित लहिल कलां गांव में देर रात एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां 28 साल के युवक गुरप्रीत सिंह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रात करीब दो बजे की बताई जा रही है, जब दो अज्ञात व्यक्ति घर में दाखिल हुए और युवक पर फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, गुरप्रीत सिंह के कमरे में एक कुत्ता बंधा हुआ था। कुत्ते के भौंकने पर वह उसे कमरे से बाहर निकालने लगा, तभी अचानक घर में घुसे दो लोगों ने उस पर गोलियां चला दीं। गोलियां उसके सिर में लगीं, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दो साल पहले प्रेम विवाह हुआ
बताया जा रहा है कि मृतक का करीब दो साल पहले प्रेम विवाह हुआ था। हालांकि, हत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है।



