ख़बरिस्तान नेटवर्क : सोचो उस मां पर क्या बीतती होगी, जिसके 5 बेटे एक-एक कर नशे की दलदल में फंसे और सभी इस दुनिया को छोड़ गए। हम बात कर रहे हैं कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी की रहने वाली मनजीत कौर की। जिनके 5वें बेटे की भी नशे के कारण मौत हो गई है।
नशे ने उसके पांचों बेटे निगल लिए
मनजीत कौर ने रोते हुए कहा कि दो दिन से मेरा बेटा तड़प रहा था। बार-बार 200 रुपए मांगता था। हमें उसकी नशे की लत छुड़ानी थी, इसलिए हम उसे लेकर अस्पताल आए थे और वहां से मिली ही दवाईंयां पानी में घोल-घोल कर पिलाते थे। हमें क्या पता था वह हमें छोड़कर चले जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि अब उनके परिवार में मृतक बेटे सोनू की पत्नी, उसकी 3 साल का बेटा और एक डेढ़ साल की बेटी है। हम बूढ़े माता-पिता ही रह गए हैं। हमारे परिवार में कोई भी नशा नहीं करता था। बड़े बेटे जसविंदर से नशे की शुरूआत हुई जो बढ़ते-बढ़ते मेरे पांचों बेटों तक पहुंच गई। इसने एक-एक मेरे सभी बेटे छीन लिए।
बेटे को बचाने की कोशिश की
मनजीत कौर ने आगे बताया कि हमने अपने बेटे को बचाने के लिए पूरी कोशिश की। इसके लिए हमने कर्जा लिया और उसे नशा छुड़ाओ केंद्र में भी भेजा। पर फिर भी वह नशे की दलदल से बाहर नहीं आ सका। 8 साल में ही मेरे सभी बेटों की मौत हो गई है। मैं लुट गई हूं। अब हम गरीब और बूढ़े मां-बाप कैसे गुजारा करेंगे। भगवंत मान, तेरे आगे मैं हाथ जोड़ती हूं। मैंने तुझे अपना छोटा भाई माना है। मुझसे अब इन्हें छोटे-छोटे बच्चों को पाला नहीं जाएगा।