राजस्थान सीमा से सटे मगोर्रा थाना क्षेत्र के गांव नगला देविया में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार मोड़ पर अनियंत्रित होकर सीमेंट की पानी की टंकी से टकराई और फिर गोवर्धन ड्रेन में जा गिरी। ड्रेन में पानी का बहाव तेज होने के कारण पूरी कार डूब गई।
कार में सवार चारों लोग पानी में फंस गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जान जोखिम में डालकर ड्रेन में छलांग लगाई। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक चारों की मौत हो चुकी थी। बाद में ट्रैक्टर और रस्सी की मदद से कार को ड्रेन से बाहर निकाला गया।
10 फीट गहरी ड्रेन में गिरी कार
कार नंबर के आधार पर मृतकों की पहचान महावन थाना क्षेत्र के प्रेम नगर निवासी राहुल, अमित और मोहित के रूप में हुई है, जबकि चौथे व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हो सकी है। सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि सभी लोग किसी कार्यक्रम में शामिल होने डीग की ओर जा रहे थे, तभी कार करीब 10 फीट गहरी ड्रेन में गिर गई।
हरेंद्र मलिक के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि तीनों मृतक एक ही परिवार के थे और आपस में भाई थे।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।