जालंधर के रामामंडी इलाके के जोगिंदर नगर में एक 24 साल की विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान मीशू के रूप में हुई है। महिला की मौत को लेकर परिजनों ने हंगामा किया और आरोप लगाया कि उसकी हत्या की गई है।
परिजनों का कहना है कि मीशू के गले पर निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतका के पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए परिजनों ने घर में तोड़फोड़ भी की, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
मृतका के भाई अतुल ने बताया कि करीब 12 महीने पहले उसकी बहन की शादी जोगिंदर नगर निवासी अविनाश से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति उसे परेशान करने लगा और कई बार मारपीट भी की। इस संबंध में पुलिस को शिकायत भी दी गई थी, लेकिन बाद में पारिवारिक समझौता हो गया था।
पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या
अतुल के मुताबिक, दोपहर में फोन आया कि मीशू ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि बहन के गले पर उंगलियों के निशान थे, जिससे साफ तौर पर हत्या की आशंका है।
वहीं, थाना रामामंडी के जांच अधिकारी एएसआई मनजिंदर सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के गले पर निशान पाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।