चंडीगढ़ में मेयर चुनाव से ठीक पहले राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। वार्ड नंबर-4 की भाजपा पार्षद सुमन देवी की भाभी को मोहाली पुलिस ने चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद सियासी तूफान खड़ा हो गया है। इस कार्रवाई को लेकर भाजपा ने आम आदमी पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं और इसे सरेआम गुंडागर्दी करार दिया है।
जानकारी के अनुसार, सुमन देवी कुछ दिन पहले ही आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थीं। उनकी भाभी की गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही भाजपा के चंडीगढ़ अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा समेत कई भाजपा पार्षद मनीमाजरा पुलिस स्टेशन पहुंच गए और पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की गई है और मेयर चुनाव से पहले विपक्षी नेताओं को डराने का प्रयास है। पार्टी का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई लोकतंत्र के खिलाफ है और भाजपा इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
रविवार तड़के मोहाली के सुहाना थाना की पुलिस टीम चंडीगढ़ के आईटी पार्क पहुंची। पुलिस ने पहले आईटी पार्क थाना को मामले की जानकारी दी और इसके बाद भाजपा पार्षद सुमन देवी की भाभी को गिरफ्तार कर अपने साथ मोहाली ले गई।