खबरिस्तान नेटवर्क। तरनतारन में सरपंच हरबरिंदर सिंह की हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा समीक्षा के बाद DGP गौरव यादव ने डीएसपी पट्टी जगबीर सिंह और एसएचओ सरहाली गुरविंदर सिंह को निलंबित कर दिया है। ये कार्रवाई आवश्यक एहतियाती पुलिस कदम न उठाने के आरोप में की गई है।
हरबरिंदर सिंह की हत्या सरहाली थाना क्षेत्र के सिद्धू फार्म में शादी समारोह के दौरान दो अज्ञात हमलावरों ने की थी। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। हमलावरों का पीछा करने की कोशिश कर रहे एक अन्य व्यक्ति के पैर में गोली लगी, जिसका इलाज जारी है।
डीजीपी ने फिरोजपुर रेंज के डीआईजी स्नेहदीप शर्मा और तरनतारन के एसएसपी सुरेंद्र लांबा को जांच की व्यक्तिगत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी ने बताया कि अब तक धमकी या जबरन वसूली का कोई पहलू सामने नहीं आया है। प्रारंभिक जांच में व्यक्तिगत रंजिश या बदले की आशंका जताई गई है।
मामले की वैज्ञानिक और तकनीकी तरीकों से जांच की जा रही है। सीसीटीवी विश्लेषण के लिए चार टीमें गठित की गई हैं, जबकि एक टीम एफएसएल के साथ मिलकर घटनास्थल की जांच कर रही है। पुलिस ने दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने का भरोसा दिया है।



