लुधियाना के जगराओं स्थित CT यूनिवर्सिटी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यूनिवर्सिटी परिसर में दूसरी मंजिल से गिरने के कारण एक छात्रा की मौत हो गई। हादसे के समय छात्रा कुछ अन्य छात्राओं के साथ लिफ्ट का इंतजार कर रही थी।
जानकारी के अनुसार, लिफ्ट के पास बनी सीढ़ियों की स्टील रेलिंग पर बैठी छात्रा का अचानक संतुलन बिगड़ गया। जैसे ही लिफ्ट आई और अन्य छात्राएं उसमें सवार होने लगीं, उसी दौरान छात्रा पीछे की ओर पीठ के बल नीचे गिर गई। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं।
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के तुरंत बाद यूनिवर्सिटी स्टाफ छात्रा को उठाकर लुधियाना के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान शबनम खातून के रूप में हुई है, जो लुधियाना के शबहूर इलाके की रहने वाली थी। वह बीबीए फर्स्ट ईयर की छात्रा थी और अपने परिवार में दो बहनें व दो भाई छोड़ गई है।
यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य दविंदर सिंह ने बताया कि यह हादसा दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच हुआ। सूचना मिलते ही छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। मृतका के परिजनों को यूनिवर्सिटी बुला लिया गया है।
वहीं, थाना सदर के एएसआई आत्मा सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्राओं से पूछताछ की गई। फिलहाल धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।हादसे के बाद यूनिवर्सिटी परिसर और अस्पताल में शोक का माहौल है।