अमृतसर के अजनाला क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कर्मचारी परमजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा गांव गग्गोमाहल के पास उस समय हुआ, जब वह मोटरसाइकिल पर अपनी ड्यूटी के लिए घर से निकले थे।
मिली जानकारी के अनुसार, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार टिप्पर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि परमजीत सिंह सड़क पर गिर गए और टिप्पर उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
मृतक के मामा जसवीर सिंह ने बताया कि परमजीत अपने पीछे दो छोटी बेटियां सुखमन (2 वर्ष) और किरत (4 वर्ष) छोड़ गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में टिप्पर चालक की लापरवाही सामने आ रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है। साथ ही, हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।