ख़बरिस्तान नेटवर्क : देश के अलग-अलग राज्यों में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिल रही है। अब इस सिलसिले में गुजरात के अहमदाबाद और वडोदरा 2 शहरों के 30 से ज्यादा स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। मिली जानकारी के मुताबिक अहमदाबाद के 15 और वडोदरा के 17 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। जिसके बाद मौके पर पुलिस को बुलाया गया और स्कूल को खाली करवाया गया।
पंजाबी में स्कूलों को भेजी गई धमकी
मामले की जांच कर रही पुलिस ने बताया कि स्कूलों को पंजाबी भाषा में धमकी भरा ईमेल भेजा गया है। जिसमें लिखा गया है कि अहमदाबाद और वडोदरा के स्कूलों को 1 बजकर 15 मिनट पर ब्लास्ट किया जाएगा। ईमेल में पंजाब की आजादी और हिंदुस्तान के टुकड़े करने की बात भी कही गई है। एहतियात के तौर पर स्कूलों को खाली करवा लिया गया है और सर्च ऑपरेशन किया जा रहा है।