ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के जेपी नगर में अग्रवाल होटल के पास एग बुजुर्ग महिला से तेजधार हथियार की नोंक पर लूट हुई है। इस लूट को 2 लुटेरों ने अंजाम दिया है। लुटेरे महिला की 2 सोने की चूड़ियां लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की जांच करने के लिए पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है।
विदेश में रहता है महिला का परिवार
पुलिस जांच में सामने आया है कि बुजुर्ग महिला के बच्चे विदेश में रहते हैं। मां की देखभाल के लिए बच्चों ने घर में 7 केयर टेकर रखे हुए हैं। पर चौंकाने वाली बात ये है कि जिस दौरान यह घटना हुई, उस समय घर में कोई भी केयर टेकर नहीं था। वहीं घर के ऊपर किराएदार भी रहते हैं।
सुबह सवा 8 बजे हुई घटना
जांच अधिकारी जय इंदर सिंह ने बताया कि घटना सुबह 8.15 बजे हुई है, पर इसकी जानकारी 2 घंटे बाद करीब साढ़े 10 बजे मिली। पूछताछ में पता चला कि पीड़ित 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला जनक कंवर पत्नी घर में अकेली रहती है। उसके सभी बच्चे विदेश में रहते हैं और उसने घर की देखभाल के लिए 7 नौकर रखे हैं।
घटना के दौरान घर में कोई नहीं था
उन्होंने आगे बताया कि घटना के दौरान कोई भी घर पर मौजूद नहीं था। महिला को लोई में लिपटा व्यक्ति चाकू लेकर पहुंचा। जहां महिला को डराया धमकाया। जिसके बाद महिला से गहने उतारने के लिए धमकी दी। इस दौरान आरोपी महिला की 2 सोने की चूड़ियां ले गया, हालांकि बालियां और अन्य गहने ले जाने में नाकाम रहा।
पुलिस केयर टेकरों से पूछताछ में जुटी
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि इस मामले में केयर टेकर से पूछताछ की जा रही है। वहीं किरायेदारों में से एक ही घर पर मिला, जबकि दूसरा दफ्तर गया हुआ था, उसे भी थाने बुलाया गया है। नौकरों और किरायेदारों से पूछताछ के बाद मामले में केस दर्ज किया जाएगा।