पंजाब सरकार ने मिल्कफेड (वेरका) के तहत दूध की खरीद दर में बढ़ोतरी कर दी है। सरकार ने दूध के रेट में ₹15 प्रति किलो फैट का इजाफा किया है, जो 1 अप्रैल से लागू हो चुका है। हालांकि अभी तक दूध के बिक्री रेट (सेल रेट) को लेकर कोई फैसला नहीं लिया गया है, लेकिन आने वाले समय में इसके बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
मिल्कफेड के अनुसार, गाय के दूध का रेट पहले करीब ₹770–780 प्रति किलो फैट था, जिसे अब बढ़ाकर ₹780–795 कर दिया गया है। वहीं भैंस के दूध का रेट ₹810–820 से बढ़ाकर ₹820–835 प्रति किलो फैट कर दिया गया है। इससे पहले भी सरकार ने पिछले साल ₹10 की बढ़ोतरी की थी।
सरकार का कहना है कि यह फैसला बढ़ती लागत, पशु चारे और अन्य खर्चों को देखते हुए लिया गया है, ताकि डेयरी किसानों को बेहतर दाम मिल सके। इस फैसले से राज्य के करीब 2.5 लाख डेयरी किसानों को सीधा फायदा होगा।
मिल्कफेड के मुताबिक, गाय और भैंस दोनों के दूध के रेट में समान बढ़ोतरी की गई है। हालांकि अंतिम भुगतान दूध में मौजूद फैट के आधार पर तय होता है, जिससे किसानों को मिलने वाली राशि अलग-अलग हो सकती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि वेरका के इस फैसले के बाद निजी डेयरियां भी अपने खरीद रेट बढ़ा सकती हैं, जिससे किसानों को और फायदा मिलेगा। साथ ही इससे पंजाब की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल वेरका ने सिर्फ खरीद रेट बढ़ाए हैं, लेकिन सेल रेट पर कोई फैसला नहीं लिया गया है। आने वाले दिनों में बिक्री कीमत बढ़ने से आम लोगों पर असर पड़ सकता है।