जालंधर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक फरवरी को प्रस्तावित दौरे से पहले सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। इसी बीच शहर के अर्बन एस्टेट इलाके में स्थित एक नामी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, कैम्ब्रिज स्कूल को ई-मेल के जरिए बम धमाके की चेतावनी दी गई। धमकी की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम और बम स्क्वॉयड ने स्कूल परिसर को घेरकर इमारत की गहन तलाशी शुरू कर दी है।
राहत की बात यह रही कि आज स्कूलों में छुट्टी होने के कारण परिसर पहले से खाली था। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में पंजाब और चंडीगढ़ की कई इमारतों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि, अब तक की जांच में किसी भी मामले में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। फिर भी, सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से सतर्कता बरत रही हैं।