पंजाब और चंडीगढ़ में एक बार फिर तापमान बढ़ने लगा है। शुक्रवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि तापमान अभी भी सामान्य से करीब 5 डिग्री नीचे बना हुआ है, इसलिए फिलहाल हीटवेव की संभावना नहीं जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक 9 और 10 मई को मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। वहीं 11 से 14 मई तक राज्य में आंधी और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। बठिंडा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार पाकिस्तान के मध्य हिस्से और पंजाब-राजस्थान के ऊपर बना चक्रवाती सिस्टम अभी सक्रिय है। इसके साथ हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल से होते हुए बांग्लादेश तक ट्रफ रेखा बनी हुई है, जिससे उत्तर भारत के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
विभाग ने बताया कि 10 मई से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके असर से पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में मौसम बदलने की संभावना है। कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।
अगले 48 घंटों में तापमान बढ़ने के आसार
मौसम विज्ञान के अनुसार अगले 48 घंटों में तापमान करीब 2 डिग्री तक बढ़ सकता है। इसके बाद मौसम में बदलाव आने से तापमान 3 से 4 डिग्री तक गिर सकता है।
11 मई को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, रूपनगर और मोहाली में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
इसके साथ ही 12 मई को उ तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
